रिपोर्ट : महितोष
मऊ। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर देशभर में भाजपा द्वारा प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर लोगों के भ्रम को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जनपद में भाजपा एमएलसी देवेंद्र सिंह ने नागरिकता कानून पर मीडियाकर्मियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में विपक्ष की भाषा पाकिस्तान जैसी हो गई है। उनके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। मुसलमानों के बीच केवल भ्रम फैला रहे है। उन्होंने सपा एमएलसी लीलावती कुशवाहा के एक बयान पर उन्हें कम पढ़ा लिखा बताया।
यूपी विधान परिषद के सदस्य देवेन्द्र सिंह ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि CAA कानून नागरिकता देने के लिए लाया गया है। इससे किसी की नागरिकता नहीं छीनी जाएगी। विपक्षी दलों के नेता हताशा और निराशा में मुसलमानों के बीच भ्रम फैला रहे हैं,जबकि देश के मुसलमानों से इस कानून का कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के विकास रथ को रोकने के लिए विपक्षी दल देश के माहौल को विषाक्त बनाकर हिंसा फैलाने में लगे हुए हैं। उनके इरादे को हम सफल नहीं होने देंगे।
सपा की एमएलसी लीलावती कुशवाहा द्वारा दिल्ली में पकड़े गए 15 बांग्लादेशी उपद्रवियों को भाजपा का कार्यकर्ता बता दिया गया। इस बाबत सवाल पूछे जाने पर भाजपा एमएलसी देवेंद्र सिंह ने कहा कि लीलावती जी कम पढ़ी-लिखी महिला हैं। उनके ज्ञान के विषय में कुछ नहीं कहना। भाजपा की सरकार देश के सभी मुसलमानों के वैध अधिकारों का संरक्षण करती है,लेकिन विदेशी घुसपैठियों को बाहर जाना ही होगा। विपक्षी दलों के पास कोई एजेंडा नहीं बचा है। उनकी और पाकिस्तान की भाषा एक है। हम जनता के बीच जाकर कानून की स्पष्टता से जानकारी दे रहे हैं।
बता दें कि क्राइम ब्रांच की एसआईटी ने बड़ा खुलासा किया है कि सीमापुरी इलाके में 20 दिसम्बर को जुमे की नमाज के बाद भड़की हिंसा में उपद्रवियों की भीड़ में करीब 15 से ज्यादा बांग्लादेशी शामिल थे। ये बांग्लादेशी दरअसल अपराधी हैं जो गैरकानूनी तरीके से सीमापुरी इलाके में रह रहे थे, जिनकी पहचान कर ली गई है और जल्द उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है।
वहीं नोएडा एसएसपी द्वारा कप्तान पदों की बिक्री के बारे में पत्र लिखने की बात पर देवेंद्र सिंह ने कहा कि यह सब पूर्व की सरकारों में होता था। भाजपा सरकार में जिला कलेक्टर और कप्तान पदों की बिक्री नहीं होती।
42 total views
